सिलीगुड़ी, 26 दिसंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में परिचय बनाकर लोगों का अपहरण कर लाखों रुपये की फिरौती मांगने वाले एक सक्रिय गिरोह का पानीटंकी चौकी की पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर अपहरण हुए व्यक्ति को सही सलामत बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नक्सलबाड़ी निवासी उमेश कुमार साहनी के अपहरण की शिकायत उनकी पत्नी नूपुर साहा ने पानीटंकी चौकी में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अपहरणकर्ताओं ने उनके पति की रिहाई के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। जिसके बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू करते हुए पुलिस ने जिस नंबर से फिरौती के लिए कॉल आया था। उस नंबर को ट्रेस कर लोकेशन का पता लगाया। इसकी मदद से पुलिस ने शिकायत के कुछ घंटों के भीतर बुधवार देर रात पायल सिनेमा हॉल के पास स्थित एक सुनसान और खाली पड़े भवन से अपहरण हुए उमेश कुमार साहनी को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम डाबग्राम के 23 नंबर वार्ड निवासी सुदीप मंडल और सुकांतोनगर निवासी मृणाल साहा बताया गया है। दोनों आरोपियों को बीते कल सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर पाँच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उमेश कुमार साहनी का नक्सलबाड़ी में वाहन व्यवसाय है। वहीं, सुदीप मंडल ने वाहन खरीदने के बहाने उनसे परिचय बनाया था। इसके बाद योजना के तहत उमेश को सिलीगुड़ी बुलाकर उनका अपहरण किया गया और फिरौती की मांग की गई।लेकिन पुलिस ने उस योजना पर पानी फेरते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।फिलहाल, गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश करने के साथ ही पुलिस आगे की जांच कर रही है।
