फुलबाड़ी, 12 फरवरी(नि.सं.)। पूर्व केएलओ (KLO) लिंक मैनों ने रोजगार सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को उत्तरकन्या अभियान का आह्वान किया। जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिले के लिंक मैन बड़ी संख्या में इस अभियान में शामिल हुए। रैली जब फुलबाड़ी के चुनाभाटी मोड़ पर पहुंची, तो भारी पुलिस बल ने उसे रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जल कमान और बैरिकेड की भी व्यवस्था की गई थी। रैली को रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
आंदोलनकारियों की मांग है कि पूर्व केएलओ और लिंक मैनों के लिए तत्काल रोजगार की व्यवस्था की जाए। साथ ही स्थायी पुनर्वास और एक स्वायत्त परिषद (ऑटोनॉमस काउंसिल) के गठन की मांग भी उठाई गई।
बताया गया कि इस अभियान में जलपाईगुड़ी और कूचबिहार से करीब 200 से अधिक लिंक मैन शामिल हुए। रैली रोके जाने के बाद कुछ प्रतिनिधि उत्तरकन्या जाकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे।
