राजगंज , 20 फरवरी (नि.सं)। राज्य बजट में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना की राशि में 500 रुपये की वृद्धि किए जाने पर राजगंज ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस की ओर से आभार सभा का आयोजन किया गया। राजगंज के श्री संघ क्लब मैदान में शुक्रवार को आयोजित सभा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुई। सभा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
महिलाओं ने प्रतीकात्मक रूप से ‘मां लक्ष्मी’ के रूप में अभिनंदन कर कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में राज्य सरकार के 15 वर्षों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की गई। साथ ही राज्य सरकार की सामाजिक योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘लक्ष्मी एलो घरे’ नामक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
सभा में विधायक खगेश्वर राय, जिला महिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नूरजहां बेगम, जिला परिषद सभाधिपति कृष्णा राय बर्मन, सह-सभाधिपति सीमा चौधरी, राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष रूपाली दे सरकार तथा ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सर्वानी धारा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
