ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर! खोरीबाड़ी के रंगाली प्राथमिक अस्पताल के नए भवन का शिलान्यास

खोरीबाड़ी, 15 मार्च(नि.सं.)। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। खोरीबाड़ी के रंगाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब इंडोर और आउटडोर सेवाओं के साथ 10 बेड की सुविधा शुरू की जाएगी। राज्य स्वास्थ्य विभाग के आर्थिक सहयोग से करीब 1 करोड़ 42 लाख 47 हजार रुपये की लागत से अस्पताल के नए भवन का निर्माण किया जाएगा।


खोरीबाड़ी के बुड़ागंज ग्राम पंचायत के अंतर्गत रंगाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आता है। यहां पहले केवल दिन के समय आउटडोर चिकित्सा सेवा उपलब्ध थी। बुड़ागंज के करीब 20 गांवों के मरीज यहां इलाज के लिए आते थे। लेकिन गर्भवती महिलाओं समेत अन्य गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर नक्सलबाड़ी या खोरीबाड़ी अस्पताल जाना पड़ता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी।इस समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से यहां बेड सहित 24 घंटे चिकित्सा सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। आखिरकार अब यह मांग पूरी हो गई है। रंगाली प्राथमिक अस्पताल में जल्द ही 24 घंटे 10 बेड की चिकित्सा सेवा उपलब्ध होगी।
रविवार को अस्पताल के नए भवन का शिलान्यास सिलीगुड़ी महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष ने किया। इस मौके पर महकमा परिषद के सह-सभाधिपति, अन्य सदस्य और जिला स्वास्थ्य अधिकारी  डॉ. तुलसी प्रमाणिक भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से स्थानीय लोग काफी खुश है। 
इस अवसर पर सभाधिपति अरुण घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। अब रंगाली क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर और मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।

वहीं, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुलसी प्रमाणिक ने बताया कि पहले यहां केवल दिन में सेवा मिलती थी, लेकिन अब अस्पताल में दिन-रात 10 बेड की सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *