नक्सलबाड़ी के जाबरा डिवीजन में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, तीन महीने से दहशत में थे चाय श्रमिक  

नक्सलबाड़ी, 20 दिसंबर(नि.सं)। पिछले तीन महीनों से तेंदुए की दहशत में दिन गुजार रहे नक्सलबाड़ी के जाबरा डिवीजन के चाय बागान श्रमिकों को आखिरकार राहत मिली है। शनिवार तड़के तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है।जानकारी के अनुसार, जाबरा डिवीजन के चाय बागान में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से श्रमिकों में भय का माहौल था। इसी को लेकर 13 दिसंबर को चाय श्रमिकों ने वन विभाग के पास पिंजरा लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद गुरुवार को पानीघाटा वन विभाग की ओर से इलाके में पिंजरा लगाया गया। आज सुबह तेंदुआ चारे के लालच में पिंजरे में फंस गया। सुबह पिंजरे में बंद तेंदुए को देखकर चाय श्रमिकों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे सहित कब्जे में ले लिया।
वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे गहरे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने से चाय श्रमिकों में राहत का माहौल है। हालांकि, श्रमिकों का कहना है कि चाय बागान इलाके में और भी तेंदुए हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने दोबारा पिंजरे लगाए जाने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *