राजगंज,17 दिसंबर (नि.सं)। राजगंज के शिकारपुर चाय बागान में एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है। बीते पांच दिनों में कई मवेशियों का शिकार करने के बाद आखिरकार तेंदुआ पकड़ा गया।जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ हफ्तों से इलाके में तेंदुए की दहशत बनी हुई थी। 12 दिसंबर को तेंदुए के हमले में एक बकरी की मौत हो गई थी। इसके बाद लगातार ऐसी घटनाओं से चाय बागान और आसपास के इलाकों में आतंक फैल गया था।
स्थिति को देखते हुए बेलाकोबा वन विभाग की ओर से पांच दिन पहले चाय बागान में पिंजरा लगाया गया था। अंततः कल शाम तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलते ही बेलाकोबा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तेंदुए को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर ले गए। तेंदुआ पकड़े जाने से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
