सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (नि.सं.)। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एम्बुलेंस का इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए किया जा रहा था। भक्ति नगर आबकारी विभाग की टीम ने इस अनोखे तस्करी के तरीके का पर्दाफाश करते हुए एनएच-10 पर बंगाल सफारी के पास एक एम्बुलेंस से 735 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 13 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने अभियान चलाकर संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान एम्बुलेंस के अंदर शराब छिपाने के लिए बनाया गया विशेष चेंबर मिला, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप सिक्किम से बिहार ले जाई जा रही थी।
इस मामले में एम्बुलेंस चालक राकेश कुमार (28) और सहचालक अभिषेक कुमार (21) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। आबकारी विभाग अब तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच कर रहा है।





