सिलीगुड़ी, 6 जून (नि.सं)।मां की अनुपस्थिति में अपने ही घर में चोरी करने के आरोप में प्रधान नगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने बेटी के साथ चोरी का सोना खरीदने वाले एक सोना की दुकान के मालिक को गिरफ्तार किया। यह घटना पंचनईब्रिज के पास अगमसिंह नगर इलाके में घटी है। आरोपियों के नाम मुस्कान गुरूंग और उत्कर्ष सोनी है।
मिली जानकारी के अनुसार गत 26 मई को अगमसिंह नगर की रहने वाली मंजू गुरूंग की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार दिनों तक अस्पताल में चिकित्सा चलने के बाद 30 मई को स्वस्थ्य होने पर मंजू गुरूंग को अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। घर आने के बाद मंजू गुरुंग ने 3 जून को अपनी अलमारी खोली तो उनकी दो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद वह अपनी बेटी से पूछताछ की,लेकिन बेटी से कुछ नहीं पता चला। जिसके बाद 4 जून को मंजू गुरूंग ने प्रधान नगर थाने में चोरी की एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर मामले की जांच के दौरान प्रधान नगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस को पता चला कि मंजू गुरूंग जब अस्पताल में भर्ती थी तब उनके घर पर कोई नहीं आया था। जिसके बाद पुलिस को घर के लोगों पर ही संदेह होने लगा।
बाद में पुलिस को पता चला कि मंजू गुरूंग की बेटी अचानक गायब हो गई है। जिससे पुलिस का संदेह और बढ़ गया। बीते कल पुलिस गुप्त सूत्रों की मदद से शिकायत के मात्र 24 घंटे के अंदर सालबाड़ी से मुस्कान गुंरूग को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर मुस्कान गुंरूग सोना की चेन चोरी की बात स्वीकार की। उसने मां की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अलमारी से दो 30 से 35 ग्राम की सोना की चेन चोरी कर विधान मार्केट स्थित सोना की दुकान के मालिक उत्कर्ष सोनी को बिक्री की। इसके बाद उसके बयान पर पुलिस स्वर्ण व्यवसायी उत्कर्ष सोनी को भी बीती रात ही गिरफ्तार किया। पुलिस के पूछताछ करने पर उत्कर्ष सोनी ने बताया कि उसने सोने के चेन को गला दिया है। पुलिस उसे बरामद कर लिया है। जिसका वजन करीब 25 ग्राम है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंजू गुरूंग की बेटी मुस्कान गुंरूग को आलीशान जिंदगी पसंद है। उसे ब्रांडेड सामान खरीदने का शौक है। इस लिए अपनी अरमानों को पूरा करने के लिए उसने अपने ही घर में चोरी की थी। आज दोनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। प्रधान नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।