मोथाबाड़ी घेराव कांड में बड़ा एक्शन, बागडोगरा एयरपोर्ट से मुख्य आरोपी मोफक्केरुल इस्लाम गिरफ्तार

बागडोगरा, 3 अप्रैल(नि.सं.)। मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों को घेर कर प्रदर्शन करने के मामले में मुख्य आरोपी मोफक्केरुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार सुबह सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट से राज्य पुलिस की सीआईडी ने मोफक्केरुल इस्लाम और उसके एक साथी अकरामुल बागानी को हिरासत में लिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद से ही मोफक्केरुल फरार था और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। सीआईडी उसकी तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे एयरपोर्ट से पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी बागडोगरा से बेंगलुरु भागने की योजना बना रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे बागडोगरा थाने लाया गया और बाद में सीआईडी उसे मालदा लेकर गई।
थाने से मालदा ले जाने से पहले आरोपी वकील ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा और वह इसके समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। उसने यह भी दावा किया कि उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि घटना के बाद उसने फेसबुक पर एक लाइव वीडियो भी किया था, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताया था, हालांकि बाद में वह वीडियो हटा दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *