जलपाईगुड़ी, 21 नवंबर (नि.सं.)। नशे के आदी बेटे के हाथों पिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जलपाईगुड़ी शहर के नेताजीपाड़ा इलाके की है। मृतक की पहचान एपी लेपचा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम पॉल लेपचा बताया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम आरोपी ने अचानक अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण वृद्ध पिता खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गई। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी पॉल लेपचा लंबे समय से नशे का आदी था। उसे नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए पहले भी कई बार रिहैब सेंटर भेजा गया था। इसके बावजूद आखिरकार बेटे के हाथों ही पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





