सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में पुराने और जंग लगे मोर्टार शेल की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना भक्तिनगर थाना अंतर्गत 31 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उत्तर बंगाल आईजी कार्यालय के पास इंदिरा गांधी मैदान से सटे जंगल की है। शुक्रवार दोपहर स्थानीय लोगों ने जंगल के अंदर संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु देखी और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वस्तु की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सेना को सूचित किया। एहतियात के तौर पर इलाके में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई और संबंधित सड़क पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
इसके बाद सेना का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मोर्टार शेल को सुरक्षित तरीके से बरामद कर वहां से हटा दिया। इसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले तीस्ता नदी में आई भीषण बाढ़ के दौरान यह मोर्टार शेल सेना के कैंप से बहकर नदी के निचले हिस्से तक पहुंचा होगा। आशंका है कि बाद में किसी व्यक्ति ने इसे वहां से उठाकर जंगल में फेंक दिया।



