तृणमूल पार्षद की बेटी का अपहरण करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 13 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस अंतर्गत पानीटंकी चौकी की पुलिस ने तृणमूल पार्षद की गुमशुदा बेटी को सही सलामत बरामद कर लिया है। वहीं, पार्षद की बेटी के अपहरण के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।आरोपी का नाम सुशांतो साहा है। वह 41 नंबर वार्ड अंतर्गत सरकार पाड़ा का निवासी बताया गया है। आरोपी एक गैर सरकारी फाइनेंस कंपनी में काम करता है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त पार्षद की 22 वर्षीय बेटी कुछ दिन पहले अचानक लापता हो गई थी। इस विषय में पानीटंकी चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने मोबाइल फोन ट्रैकिंग और विभिन्न सूत्रों की मदद से कई जानकारियां हासिल की। जिसके आधार पर गुरुवार रात पानीटंकी चौकी की पुलिस ने भक्तिनगर थाना अंतर्गत सरकार पाड़ा इलाके से पार्षद की बेटी को बरामद करने के साथ ही अपहरण के आरोप में सुशांतो साहा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पार्षद की बेटी को सुशांतो साहा ने प्रलोभन देकर अपहरण किया था। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। साथ ही युवती का भी बयान दर्ज कर लिया गया है। इस मामले पर डीसीपी राकेश सिंह से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि गत 11 तारीख को अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। जांच के दौरान युवती को बरामद करते हुए अपहरण के आरोप में सुशांतो साहा को गिरफ्तार किया गया है। इस अपहरण के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी। पुलिस इसकी जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *