सिलीगुड़ी, 19 फरवरी (नि.सं)। शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में प्रधान नगर थाना की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने नाका चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बीती रात आरोपी स्कूटी से सर्किट हाउस की ओर से जंक्शन होते हुए चेक पोस्ट की तरफ जा रहा था। संदेह के आधार पर नाका चेकिंग प्वाइंट पर उसकी स्कूटी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक कार्टून से प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें बरामद हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चेक पोस्ट इलाके में ही इन कफ सिरप की डिलीवरी देने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार युवक की पहचान नरेश कामती के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का निवासी है और फिलहाल सिलीगुड़ी में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से करीब 41 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप और एक स्कूटी जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।
