सिलीगुड़ी, 31 दिसंबर (नि.सं.)। एनजेपी थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक के गुप्त चेंबर से लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को फुलबाड़ी कैनाल रोड पर पुलिस ने निगरानी शुरू की। दोपहर करीब 2 बजे फुलबाड़ी के छौवाभिट्टा इलाके में तमिलनाडु नंबर का एक ट्रक कैनाल रोड से गुजर रहा था तभी पुलिस ने उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में बने गुप्त चेंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गांजा कूचबिहार से कोलकाता ले जाया जा रहा था। तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को जब्त कर एनजेपी थाने ले जाया गया है। गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
