जलपाईगुड़ी, 28 दिसंबर (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी में एक चलती मालवाहक लॉरी में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना जलपाईगुड़ी के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर महुतपाड़ा जोड़ा कलवर्ट इलाके में हुई है।जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के लॉरी में आग लगी देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल व पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने से लॉरी को भारी नुकसान हुआ है। इस घटना में लॉरी चालक और खलासी घायल हो गए। दोनों को बरामद कर जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, माल से लदी लॉरी बिहार से गुवाहाटी की ओर जा रही थी। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
