सिलीगुड़ी, 1 मार्च (नि.सं)। असम की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की जो प्रेमी से मिलने के लिए घर से निकली थी, दलालों के चंगुल में फंसकर पहले कूचबिहार और फिर सिलीगुड़ी के रेड लाइट एरिया में बेच दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले नाबालिग असम से घर छोड़कर कूचबिहार पहुंची थी। वहां कथित तौर पर वह गलत संगत में फंस गई और दलालों ने उसे रेड लाइट इलाके में बेच दिया। इस दौरान उसके साथ शोषण किए जाने की भी आशंका है।
सूत्रों के मुताबिक, जब कूचबिहार में पुलिस कार्रवाई की भनक लगी तो आरोपियों ने लड़की को सिलीगुड़ी लाकर दोबारा बेच दिया। सिलीगुड़ी के खालपाड़ा चौकी पुलिस को सूचना मिलते ही रेड लाइट एरिया में छापेमारी की गई और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पीड़िता को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अपहरण, अनैतिक देह व्यापार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कानूनी प्रक्रिया के तहत नाबालिग को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसका बयान दर्ज होगा। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की निगरानी में रखा जाएगा।
फिलहाल, इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस नाबालिग को बेचने और खरीदने वाले लोगों की तलाश में जुटी है और उसके घर वापसी के लिए असम पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
