फुलबाड़ी, 24 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के गोड़ामोड़ से सटे नावापाड़ा इलाके में सो रही एक महिला के कान से झुमका नोचकर चोरी करने की घटना सामने आई है। घटना में महिला के कान में गंभीर चोट आई है। इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे नोनी बाला राय नामक महिला विजयादशमी के एक कार्यक्रम से घर लौटने के बाद दरवाजा बंद कर सो गई थी। आरोप है कि देर रात बदमाश घर में घुसे और सोते समय उनके कान से जबरन झुमका नोचकर फरार हो गए। महिला के मुताबिक, बदमाशों ने सोने की चेन, नाक की सोने की फूल और कान के झुमके के अलावा तकिए के नीचे रखे दो मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए।
नोनी बाला राय ने बताया कि कान से झुमका खींचे जाने के दौरान उनकी नींद खुल गई। उठकर देखने पर उन्होंने पाया कि घर का सामान बिखरा हुआ था और तकिए के नीचे रखे दोनों मोबाइल फोन गायब थे।
वहीं, इलाके के सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति की संदिग्ध आवाजाही सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, उसका चोरी की घटना से संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। घर का दरवाजा बंद होने के बावजूद बदमाश अंदर कैसे घुसे, इसे लेकर महिला असमंजस में हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दी जाएगी।





