सिलीगुड़ी, 10 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास स्थित ठाकुरनगर इलाके में एक मोबाइल दुकान में हुई दुस्साहसिक चोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विश्वजीत सेन है, जो साउथ शांतिनगर दुर्गा मंदिर का निवासी बताया गया है।
बताया गया कि बुधवार को चोरी की घटना हुई थी, जिसमें दुकान से कई महंगे मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। इसके साथ ही चोर दुकान का सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क, राउटर और करीब 5 से 7 हजार रुपये नकद भी ले गए थे। घटना के बाद दुकान मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर एनजेपी थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। जिसके बाद आरोपी विश्वजीत सेन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली है, हालांकि चोरी का सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है। शनिवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
