नक्सलबाड़ी,5 मई (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी के सातभाइया में सेब से लदी एक लॉरी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में लॉरी चालक और खलासी घायल हो गए। घायलों की पहचान फवाद अहमद और उमर जब्बार के रूप में हुई है। ये दोनों कश्मीर के निवासी हैं।
बताया जा रहा है कि आज सुबह कश्मीर से सिलीगुड़ी जाते समय नक्सलबाड़ी के सातभाइया मोड़ पर लॉरी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को नींद आने के कारण लॉरी मगुरमारी नदी में गिर गई। जिससे लॉरी चालक और खलासी घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को नक्सलबाड़ी अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
खबर मिलते ही नक्सलबाड़ी ट्रैफिक गार्ड के कर्मी मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक सूत्रों के अनुसार क्रेन की मदद से लॉरी को बरामद कर लिया गया है। इस बीच दुर्घटना के कारण एशियन हाईवे पर लगा बैरिकेड भी टूट गया है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।