सिलीगुड़ी,15 फरवरी (नि.सं)। एनजेपी जीआरपी की टीम ने रेलवे स्टेशनों पर चोरी व गुम हुए कुल 25 मोबाइल फोन बरामद कर कानूनी प्रक्रिया के बाद असली मालिकों को सौंप दिया है। इस कदम से उन यात्रियों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। जिनकी मोबाइल फोन यात्रा के दौरान चोरी और गुम हो गई थीं। इस मौके पर एनजेपी जीआरपी ने एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस कार्यक्रम में यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान मोबाइल फोन, पर्स, बैग और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही यात्रियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने एवं किसी भी समस्या होने पर जीआरपी हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की गई। इस विषय में जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और मजबूत किया जाएगा। आज इस कार्यक्रम में एसआरपी कुंवर भूषण सिंह, जीआरपी एसओजी ओसी अत्रेए गांगुली, एनजेपी आईसी पाशांग शेर्पा, जीआरपी एएसआई सैफुल आलम के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
