नक्सलबाड़ी, 20 नवंबर (नि.सं)। चाय बागान में हाथी के शावक को देखते ही श्रमिकों दहशत में आ गए है। नक्सलबाड़ी के पहाड़गुमिया चाय बागान में हाथी शावक अपने दल से भटक कर फंस गया है।
बताया गया है कि आज सुबह 10 हाथियों का झुंड टुकरियाझार जंगल से पहाड़गुमिया चाय बागान होते हुए बागडोगरा जंगल जा रहा था। जब हाथियों का झुंड चाय बागान से होते हुए जंगल में लौटा तो एक शावक बीच में फंस गया। फिर भटका हुआ शावक पहाड़गुमिया चाय बागान के बांस लाइन, गिरिमुनि लाइन और गुमगुमा लाइन के आसपास घूमता रहा।
इस बीच, हाथी के शावक को देखकर इलाके के लोग जमा हो गए। खबर मिलने के बाद बागडोगरा रेंज, टुकरियाझार रेंज और घोषपुकुर रेंज के जंगल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। 6 घंटे बीत जाने के बाद भी शावक अभी भी चाय बागान में फंसा हुआ है। जिस वजह से बागान में पत्ता तोड़ने का काम बंद कर दिया गया है। वन विभाग के अनुसार, शावक को शाम के बाद जंगल में वापस भेज दिया जाएगा।
