पानीटंकी,14 जनवरी (नि.सं.)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों ने दोहरी नागरिकता के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम उत्तम कुमार श्रेष्ठा बताया गया है।सूत्रों के अनुसार, आरोपी सिक्किम से पानीटंकी के भारत-नेपाल सीमा मार्ग से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एसएसबी जवानों को उस पर संदेह हुआ और उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नेपाल का नागरिक पहचान पत्र और सिक्किम का वोटर कार्ड बरामद किया गया, जिससे दोहरी नागरिकता का मामला उजागर हुआ।
इसके बाद एसएसबी ने आरोपी को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
