जलपाईगुड़ी,4 फरवरी (नि.सं.)। पत्नी और 18 महीने की बेटी की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी पति को जलपाईगुड़ी अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। बताया गया है कि यह घटना नागराकाटा थाना अंतर्गत लुकसान चाय बागान की है।
27 मार्च 2023 की देर रात लालसिंग उरांव ने अपनी पत्नी सखी उरांव और 18 माह की बेटी ममता उरांव की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद उसने आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी। दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलने के बाद नागराकाटा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल लालसिंग को बरामद कर उसे नागराकाटा अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
तब से यह मामला अदालत में चल रहा था। 13 लोगों की गवाही लेने के बाद जलपाईगुड़ी जिला अदालत की थर्ड कोर्ट के न्यायाधीश बिप्लब राय ने आरोपी को फांसी की सजा देने का आदेश दिया है।