एसआईआर ड्यूटी पर जाते समय दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से कर्मचारी संपा राय की मौत

जलपाईगुड़ी, 31 जनवरी(नि.सं.)। एसआईआर के कार्य पर जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय में एसआईआर की जिम्मेदारी संभाल रही कर्मचारी संपा राय की मौत हो गई है। यह हादसा जलपाईगुड़ी–सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के दशदर्गा इलाके में एक डंपर की टक्कर से हुआ है। जानकारी के अनुसार, हादसे में उनकी सहकर्मी पायल महंत गंभीर रूप से घायल हो गई है। बताया गया कि संपा राय और पायल महंत स्कूटी से मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय जा रही थी। दोनों ही मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी और एसआईआर सुनवाई केंद्र में डेटा एंट्री की जिम्मेदारी निभा रही थी।
दशदर्गा इलाके में विपरीत दिशा से आ रहे एक डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संपा राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं पायल महंत की हालत अभी गंभीर और चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *