फांसीदेवा, 30 दिसंबर (नि.सं.)। फांसीदेवा के विधाननगर के मुरलीगंज में करोड़ों रुपये की सांप के जहर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के नाम मोहम्मद कलीमुद्दीन और जुबेर खान हैं। कलीमुद्दीन इस्लामपुर और जुबेर खान आंध्रप्रदेश का निवासी है। वन विभाग के अनुसार घोषपुकुर वन विभाग के रेंजर सोनम भूटिया और एसएसबी की 41वीं बटालियन के जवानों द्वारा संयुक्त अभियान में यह सफलता मिली है।
गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि सांप का जहर को तस्करी के लिये बांग्लादेश से मालदा के रास्ते नेपाल लाया जा रहा था। जिसके आधार पर वन विभाग व वाइल्ड लाइफ कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों ने अभियान चलाकर एक संदिग्ध बाइक जब्त किया। इसके बाद तलाशी के दौरान बुलेट प्रूफ कांच के जार से करीब 2 किलो 529 ग्राम सांप का जहर बरामद किया गया।
इस संबंध में कार्शियांग के एडीएफओ दीपेन विश्वकर्मा ने बताया कि आज आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि15 अक्टूबर को फांसीदेवा के मुरलीगंज इलाके के घोषपुकुर में वनविभाग ने अभियान चलाकर फ्रांस निर्मित बुलेट प्रूफ कांच के जार से करीब 2 किलो 517 ग्राम सांप के जहर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।