सिलीगुड़ी, 20 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने दो चोरी की गुथी एक साथ सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस की कड़ी मेहनत और मॉनिटरिंग सेल की मदद से घटना के करीब 20 दिन के अंदर दो चोर को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सोने-चांदी की जेवरात और एक स्कूटी बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत 31 दिसंबर को आदर्श नगर कॉलोनी में एक खाली घर में चोरी की घटना घटी थी। घर मालकिन के शिकायत के अनुसार बेटी की शादी के लिए तैयार किये गये लाखों रूपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर बदमाश फरार हो गया। शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने घटना के 14 दिन बाद पहले करण बर्मन नामक एक आरोप को पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद पंकज पासवान का नाम सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने पंकज पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर 5 दिनों की रिमांड पर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी करण बर्मन 4 नंबर वार्ड अंतर्गत ज्योति नगर और पंकज पासवान 1 नंबर वॉर्ड अंतर्गत राजेन्द्र नगर इलाके का निवासी है। कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के बयान पर चोरी हुआ समान बरामद कर लिया। इसके साथ ही खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने आरोपी करण बर्मन के बयान पर एक चोरी हुई स्कूटी भी बरामद कर ली। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि दुर्गा पूजा के कॉर्निवल के दौरान एयरव्यू मोड़ से एक स्कूटी चोरी हुई थी। लेकिन करीब 4 महीने बाद खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने चोरी हुई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
