सिलीगुड़ी, 18 मार्च (नि.स.)। चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत सिलीगुड़ी शहर और आसपास के विभिन्न इलाकों में नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।सिलीगुड़ी के महत्वपूर्ण संपर्क स्थलों में से एक पानीटंकी मोड़ पर आज विशेष सतर्कता देखी गई। चार पहिया वाहनों समेत विभिन्न गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई। वाहनों के कागजातों की जांच के साथ-साथ यह भी देखा गया कि कहीं अवैध नकदी, शराब, हथियार या कोई अन्य संदिग्ध सामान तो नहीं ले जाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व पानीटंकी फाड़ी के ओसी निर्मल दास ने किया। उनके साथ एसएसटी (Static Surveillance Team) के सदस्य भी मौजूद थे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चुनाव से पहले अवैध लेन-देन या किसी तरह के प्रभाव को रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है। आम लोगों से भी जांच के दौरान सहयोग करने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की नाका चेकिंग जारी रहेगी।
