सिलीगुड़ी, 24 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में नाबालिग की संदिग्ध मौत के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष ने बड़ा फैसला लेते हुए अनिश्चितकाल के लिए सभी चुनावी प्रचार और जनसंपर्क कार्यक्रम बंद करने का ऐलान कर दिया है।
आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर शंकर घोष ने पहले प्रशासन को समयसीमा दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह आंदोलन पर उतर आए। मंगलवार को उन्होंने सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास धरना शुरू कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी और उचित न्याय नहीं होता, तब तक वह किसी भी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं लेंगे। इस फैसले के बाद सिलीगुड़ी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनावी समीकरणों पर इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
