राजगंज, 26 मार्च (नि.सं.)। राजगंज क्षेत्र के अमबाड़ी स्थित करतोया नदी में पारंपरिक अष्टमी गंगा स्नान के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नदी घाट और आसपास के इलाकों में भक्तों की चहल-पहल देखने को मिली।अमबाड़ी गंगा संघ क्लब के तत्वावधान में आयोजित यह प्राचीन गंगा स्नान इस वर्ष 57वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। हर साल की तरह इस बार भी अष्टमी स्नान के अवसर पर सात दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है, जो आज से शुरू होकर 1 अप्रैल तक चलेगा।
सुबह से ही अमबाड़ी, राजगंज, सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और आसपास के कई इलाकों से श्रद्धालु पुण्य स्नान के लिए पहुंचने लगे। इस अवसर पर मेले का उद्घाटन राजगंज के निवर्तमान विधायक खगेश्वर राय ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, अमबाड़ी मां गंगा संघ के प्रयास से पिछले 57 वर्षों से इस अष्टमी स्नान और मेले का आयोजन लगातार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करतोया नदी में स्पीड बोट की व्यवस्था की गई है। साथ ही महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम सहित कई सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है। हर साल की तरह इस बार भी इस पारंपरिक अष्टमी स्नान और मेले में करीब एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।
