राजगंज,14 जनवरी (नि.सं.)। राजगंज के दीपंकर राय ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
बुधवार को राजगंज ब्लॉक के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र में आयोजित तृणमूल कांग्रेस की संवाद यात्रा कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने वोटपाड़ा बीएफपी स्कूल के चौथी कक्षा के छात्र दीपंकर राय के घर जाकर विशेष रूप से उन्हें बधाई और सम्मान दिया। इस मौके पर जलपाईगुड़ी जिला परिषद सदस्य रणबीर मजूमदार, सदर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन दास, बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत प्रधान समिजउद्दीन अहमद, युवा उपाध्यक्ष असीम ज्योति बर्मन सहित कई तृणमूल नेता उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, बीते 16 तारीख को कोलकाता के बानीपुर में प्राथमिक विद्यालय और शिशु शिक्षा केंद्रों की 41वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। इसमें भाग लेकर दीपंकर ने 100 और 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया।
दीपंकर के पिता पेशे से दिहाड़ी मजदूर है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद दीपंकर की इस सफलता से परिवार, पड़ोसी और स्कूल के शिक्षक बेहद खुश है। सभी का मानना है कि दीपंकर की यह उपलब्धि आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करेगी।
