राजगंज,9 फरवरी (नि.सं.)। राजगंज के फाटापुकुर में करोड़ों रुपये के लागत से बना मार्केट कॉम्प्लेक्स अब असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बन गया है। मार्केट कॉम्प्लेक्स के अंदर जगह-जगह शराब की बोतलें और कई तरह की चीजें बिखरी पड़ी हैं। रात होते ही यहां असामाजिक लोगों का आना-जाना शुरू हो जाता है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस मार्केट कॉम्प्लेक्स को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया है कि वामकाल में राजगंज के फाटापुकुर के बगल में मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था।यह मार्केट कॉम्प्लेक्स करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया था।इसके बाद भी कॉम्प्लेक्स के मकानों का वितरण स्थानीय व्यवसायियों के बीच नहीं किया गया।
फाटापुकुर के व्यवसायियों ने बताया कि यह मार्केट कॉम्प्लेक्स काफी रूपए खर्च कर बहुत पहले बनाया गया था। एक समय में पंचायत समिति द्वारा सूचित किया गया था कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के मकान वितरित किए जाएंगे। कई व्यवसायियों ने भी मकान के लिए आवेदन किया था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद उस मार्केट कॉम्प्लेक्स के मकानों को किसी भी व्यवसायी को नहीं दिया गया। स्थानीय व्यवसायियों ने सवाल उठाया कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के मकानों का वितरण क्यों नहीं किया गया।





