राजगंज में मिट्टी धंसने से दबे तीन लोग, एक महिला बुरी तरह घायल

राजगंज,23फरवरी(नि.सं.)। घर के जरूरतों के लिए मिट्टी लाने के दौरान अचानक मिट्टी धंस जाने से अंदर तीन लोग दब गए, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना राजगंज के माझियाली ग्राम पंचायत अंतर्गत हरियारबाड़ी इलाके में घटी है।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार राजगंज के माझियाली ग्राम पंचायत अंतर्गत हरियारबाड़ी इलाके में करीब छह महीने पहले एक पुलिया टूट गयी थी। इसलिए सड़क की महत्व को देखते हुए कुछ दिन पहले ही सरकारी रूप से पुलियों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। रविवार को इलाके की कई महिलाएं और पुरुष घर की जरूरतों के लिए मिट्टी लाने के लिए वहां गए थे। तभी तीन लोग मिट्टी में दब गए।

स्थानीय लोगों की नजर मामले पर पड़ी तो तुरंत उन्हें बरामद किया गया। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर है। महिला को फूलबाड़ी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। अन्य को राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।


सूचना पाकर राजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मिट्टी के अंदर किसी और के होने की आशंका पर अर्थमूवर से खोजबीन की गई। स्थानीय लोगों ने पुलिया निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों ने मांग की है कि कोई भी उस जगह से मिट्टी लेने न आये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *