सांसद राजू बिष्ट ने रंगापानी रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का किया शिलान्यास  

सिलीगुड़ी, 7 जनवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के रांगापानी रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण का शिलान्यास दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने किया। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज का काम शुरू होने जा रहा है।बताया गया है कि सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा और चटहाट राज्य सड़क को जोड़ने वाला यह लेवल क्रॉसिंग लंबे समय से आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। खासकर सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लग जाता था, जिससे गंभीर मरीजों और प्रसूता महिलाओं को ले जाने वाली एंबुलेंस घंटों फंसी रहती थी। एनजेपी रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने के कारण यह लेवल क्रॉसिंग अधिकतर समय बंद रहता था, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था।
ओवरब्रिज के शिलान्यास के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी की लहर देखी गई। इस मौके पर दो भाजपा विधायक और कटिहार डिवीजन के डीआरएम भी उपस्थित रहे। डीआरएम ने बताया कि करीब डेढ़ साल के भीतर इस परियोजना का काम पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के विशेष प्रयास से यह परियोजना संभव हो पाई है। इसे नए साल का तोहफा बताते हुए उन्होंने कहा कि 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज खोरीबाड़ी, फांसीदेवा, सिलीगुड़ी, माटीगाड़ा और फूलबाड़ी के लोगों के लिए काफी लाभकारी होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के असहयोग के कारण अब तक यह काम नहीं हो सका, लेकिन अब केंद्र सरकार पूरी राशि वहन कर रही है।
तृणमूल सरकार विकास करने के बजाय सिर्फ रोहिंग्याओं के लिए काम कर रही है। बिष्ट ने ने अभिषेक बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें 2026 में चुनाव लड़ने के बजाय बांग्लादेश में चुनाव लड़ना चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *