सिलीगुड़ी रामनवमी के जुलूस में विवाद बना जानलेवा, घायल युवक की मौत

सिलीगुड़ी, 4 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के 28 नंबर वार्ड स्थित टिकियापाड़ा में रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान धारदार हथियार से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम सूरज साहनी बताया गया है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 28 नंबर वार्ड में बजरंग कमेटी समेत तीन अलग-अलग कमेटियों की शोभायात्रा निकली थी। आरोप है कि कई लोग हथियार लेकर जुलूस में शामिल हुए थे। शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दूसरी कमेटी से आए राजेश साहनी ने सूरज साहनी पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल सूरज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और परिजन रो-रोकर बेहाल है। बताया गया है कि मृतक की पत्नी गर्भवती है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी इलू नाम के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बार-बार जुलूस में हथियार न लाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया। उन्होंने इस घटना के लिए कमेटी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक सूरज सहनी के परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। उनकी पत्नी अभी गर्भवती है। उन्होंने सवाल उठाया कि परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। 
वहीं टिकियापाड़ा बजरंग कमेटी के अध्यक्ष सागर सुनार ने कहा कि इस घटना से संगठन का कोई संबंध नहीं है। आरोपी राजेश साहनी उनके संगठन का सदस्य नहीं है। उनके अनुसार, आरोपी और मृतक पहले से एक-दूसरे के दोस्त थे और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी दूसरी कमेटी से आकर अचानक हमला कर फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पार्षद संप्रिता दास मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में परिवार ने इलाज का खर्च देने की शर्त पर मामले को ज्यादा आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया था, इसलिए उस समय कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *