हाई टेंशन पोल को लेकर सिलीगुड़ी में बवाल, लोगों ने रुकवाया काम

सिलीगुड़ी,18 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 40 नंबर वार्ड के शरतचंद्र पल्ली इलाके में हाई टेंशन इलेक्ट्रिक पोल लगाए जाने को लेकर मंगलवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। विरोध के चलते इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अंततः स्थानीय निवासियों के दबाव में काम रोक दिया गया।


जानकारी के अनुसार, शहरभर में अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य चल रहा है। इसी परियोजना के तहत 40 नंबर वार्ड की सड़क पर हाई टेंशन लाइन के लिए नए बिजली के खंभे लगाए जा रहे थे। आरोप है कि कई स्थानों पर घरों के गेट के ठीक सामने खंभे खड़े कर दिए गए, जिस पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब शहर के अन्य हिस्सों में बिजली की तारें जमीन के नीचे बिछाई जा रही हैं, तो इस इलाके में दोबारा हाई टेंशन लाइन खंभों के जरिए क्यों डाली जा रही है। उनका दावा है कि इससे भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। विरोध करने पर कुछ लोगों को धमकी मिलने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की जानकारी स्थानीय पार्षद को दी गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप भी लगाया गया है।


इस संबंध में नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पार्षद और क्षेत्र के निवासियों के साथ बैठक कर समस्या सुनी जाएगी। साथ ही बिजली विभाग से भी बात की जाएगी। यदि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा हो रही है, तो मामले की जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *