सिलीगुड़ी, 14 फरवरी (नि.सं.)। दार्जिलिंग मोड़ स्थित बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य का शनिवार को दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ काम की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के बाद सांसद ने कहा कि दार्जिलिंग मोड़ और आसपास के इलाकों में लंबे समय से भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या है और ओवरब्रिज बनने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी तथा शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान सांसद ने मेयर गौतम देव पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि जमीन हस्तांतरण में देरी की वजह से इस परियोजना में देरी हुई है। सांसद ने यह भी कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया कि कई बड़े विकास कार्य पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) शासनकाल में हुए थे, जबकि वर्तमान में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
