सिलीगुड़ी, 26 मार्च (नि.सं.)। आगामी चुनाव को लेकर CPM के उम्मीदवार शरदिंदु चक्रवर्ती ने शहर के विभिन्न इलाकों में जोरदार प्रचार अभियान चलाया।
गुरुवार सुबह वे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सिलीगुड़ी कॉलेज मैदान और बाघाजतिन पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याएं सुनी और उनसे सीधा संवाद स्थापित किया।
प्रचार के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उनका कहना है कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों से लोगों का भरोसा कम हो चुका है।
उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा और वे जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
गौरतलब है कि उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही शरदिंदु चक्रवर्ती लगातार शहर के अलग-अलग हिस्सों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं, जिससे सिलीगुड़ी में चुनावी माहौल और गर्म होता जा रहा है।
