स्कूल क्वार्टर में हुई चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,22 जनवरी (नि.सं.)। दिनदहाड़े गैर सरकारी स्कूल के स्टाफ क्वार्टर में घुसकर कर गहने चोरी के मामले को भक्ति नगर थाने की पुलिस ने सुलझा लिया है। साथ ही तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम बैजू सहानी,मोहम्मद जाहिरूल उर्फ लालू और अर्जुन प्रसाद है।


मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पिछले साल दिसंबर महीने में घटी थी। सिलीगुड़ी के एक प्राइवेट स्कूल के कर्मचारी दीननाथ प्रसाद अपने परिवार के साथ स्कूल के स्टाफ क्वार्टर में रहते हैं। उनके क्वार्टर से दिनदहाड़े चोरों ने सोने के गहने पर अपना हाथ साफ कर फरार हो गए थे। घटना के बाद दीननाथ प्रसाद ने भक्तिनगर थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चोरी के मामले में पहले प्रधान नगर थाना अंतर्गत रतनलाल बस्ती के निवासी बैजू सहानी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके बाद बैजू को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ में एक और आरोपी का नाम सामने आया।

बाद में मोहम्मद जाहिरुल को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने 5 ग्राम पिघला हुआ सोना भी बरामद किया। जिसके बाद दोनों से कड़ी पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे चोरी के गहनों को पिघलाकर अर्जुन प्रसाद नामक व्यक्ति को बेचे थे। बाद में तीसरे आरोपी अर्जुन प्रसाद को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 15 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया गया। आज आरोपी अर्जुन प्रसाद को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *