सिलीगुड़ी, 24 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड हिट एंड रन मामले में आरोपी देवांशु पाल चौधरी को पानीटंकी चौकी पुलिस ने अदालत में पेश किया। सुनवाई से पहले मृतक शंकर छेत्री के परिजनों ने कोर्ट परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए कड़ी सजा की मांग की।
अदालत में बचाव पक्ष और मृतक पक्ष के वकीलों के बीच जमानत को लेकर तीखी बहस हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अगली सुनवाई 28 तारीख को होगी।
मृतक की बहन ने कहा कि भाई को न्याय दिलाने की लड़ाई अब शुरू हुई है।
वहीं मृतक पक्ष के अधिवक्ता अभय चटर्जी ने घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
