सिलीगुड़ी, 8 अक्टूबर (नि.सं.)। दुर्गापूजा के अवसर पर राज्य सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग की ओर से राज्य के सात स्थानों पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 11 और 12 अक्टूबर को सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सिलीगुड़ी के पीडब्ल्यूडी इंस्पेक्शन बंगले में बैठक हुई। बैठक में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, सिलीगुड़ी के एसडीओ, सूचना एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री शंकर घोष ने बताया कि 11 अक्टूबर को प्रसिद्ध गायक तीर्थ भट्टाचार्य और 12 अक्टूबर को लोकप्रिय गायिका अंतरा मित्रा प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रीय बैंड और कलाकार भी दोनों दिन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा के अवसर पर राज्य के कुल सात स्थानों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 10 अक्टूबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी तर्ज पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पहले राज्य सरकार के कई कार्यक्रम मुख्य रूप से कोलकाता केंद्रित होते थे। वर्तमान सरकार समान वितरण की नीति के तहत राज्य के विभिन्न जिलों और शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन आयोजनों का हिस्सा बन सकें।





