सिलीगुड़ी,30 अप्रैल (नि.सं.।सिलीगुड़ी के बाघाजतिन कॉलोनी के निवासी एक महिला के गले से सोने की चेन छिनतई करने के मामले में प्रधान नगर थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम मुजीबुर रहमान और विश्वजीत चौधरी है। ये दोनों एनजेपी थाना अंतर्गत अंबिकानगर के निवासी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को गुरूंग बस्ती इलाके में एक महिला बाजार करने आई थी। तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और महिला के गले से सोने की चेन छीनकर कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता महिला ने प्रधान नगर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर जांच में जुटी प्रधान नगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के पहले ही आज तड़के दोनों आरोपियों को जंक्शन इलाके से गिरफ्तार किया।
हालांकि, आरोपियों के पास से छिनतई की गई सोने की चेन बरामद नहीं की जा सकी है।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।आज दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।