सिलीगुड़ी, 7 अप्रैल (नि.सं.)। आगामी चुनाव को देखते हुए जनसंपर्क को और मजबूत करने के लिए भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने एक नई पहल शुरू की है। “दिनयापन कार्यक्रम” नामक इस अभियान की शुरुआत आज सिलीगुड़ी के 46 नंबर वार्ड से की गई।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत में शंकर घोष ने क्षेत्र के महान व्यक्तियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने 46 नंबर वार्ड के विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की। इस दौरान लोगों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याएं, बुनियादी ढांचे की कमी और नागरिक सेवाओं में खामियों को सामने रखा।
स्थानीय निवासियों ने उन्हें एक पार्क भी दिखाया, जो पिछले 7-8 वर्षों से बंद पड़ा है। लोगों का आरोप है कि इस बारे में कई बार मेयर और वार्ड पार्षद को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों की समस्याओं को समझते हुए भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने भविष्य में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
शंकर घोष ने कहा कि “दिनयापन कार्यक्रम” का मुख्य उद्देश्य हर वार्ड में जाकर आम लोगों के साथ समय बिताना, उनकी समस्याएं सुनना और जमीनी हकीकत को समझना है। इसी के जरिए जनता तक पहुंचने और उनकी बात सुनने का प्रयास किया जा रहा है।
