सिलीगुड़ी, 7 जनवरी (नि.सं.)। सरस्वती पूजा में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और शहर के विभिन्न इलाकों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी है। इस वर्ष सिलीगुड़ी का न्यू बॉयज़ क्लब सरस्वती पूजा में एक बिल्कुल नया और आकर्षक अंदाज लेकर आ रहा है।
सिलीगुड़ी के मध्य चायनपाड़ा, राजा राममोहन राय रोड स्थित न्यू बॉयज़ क्लब के तत्वावधान में इस साल पूजा की विशेष आकर्षण ‘क्यूट सरस्वती’ प्रतिमा है। यह प्रतिमा बालसुलभ, मधुर और आकर्षक कल्पना के साथ तैयार की जा रही है, जो छोटे-बड़े सभी का ध्यान खींचेगी।
इस वर्ष न्यू बॉयज़ क्लब की सरस्वती पूजा 26 वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। आयोजक वर्षों पुरानी परंपरा को बनाए रखते हुए हर साल पूजा में कुछ नया प्रस्तुत करने की कोशिश करते है। इससे पहले ‘क्यूट गणेश’, ‘क्यूट दुर्गा’ और ‘क्यूट काली’ के बाद इस बार क्लब की पूजा में ‘क्यूट सरस्वती’ थीम को पेश किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस विशेष पहल का उद्देश्य शहरवासियों के साथ-साथ खास तौर पर छात्रों के दिलों को जीतना है। कुल मिलाकर, इस वर्ष सरस्वती पूजा में न्यू बॉयज़ क्लब की यह अभिनव ‘क्यूट सरस्वती’ प्रतिमा सिलीगुड़ी शहर के प्रमुख आकर्षणों में से एक बनने जा रही है।
