सिलीगुड़ी,13 मार्च (नि.सं)। सेवक रोड पर हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार हुए देबांग्शु पाल चौधरी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर मृतक के परिवार और पड़ोसियों ने सिलीगुड़ी कोर्ट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले सेवक रोड पर पानीटंकी के रहने वाले शंकर छेत्री की कार की टक्कर से मौत हो गई थी। जबकि एक लड़की घायल हो गई थी। उस घटना के बाद पुलिस ने देबांग्शु पाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट ने गिरफ्तार युवक को पुलिस कस्टडी और बाद में जेल कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। शुक्रवार को दोबारा कोर्ट में पेश किए जाने से पहले मृतक के परिवार ने प्रदर्शन किया।
शंकर छेत्री के परिवार और पड़ोसियों ने आरोपी की तस्वीर के साथ प्रदर्शन किया और उसे सज़ा देने की मांग करते हुए नारे लगाए। सुबह से ही कोर्ट परिसर में पुलिस तैनात है।
