सिलीगुड़ी, 18 फरवरी(नि.सं)। सिलीगुड़ी मातृसंघ जनकल्याण आश्रम के गुरु देव स्वर्गीय सुदिन कुमार मित्र की 108वीं आविर्भाव जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक चर्चा सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष सौमिक तालुकदार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा, हम वर्ष भर मानव सेवा के कार्यों में समर्पित रहते है। समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ खड़ा रहना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से आश्रम की ओर से एक नई पहल शुरू की गई है। जो छात्र-छात्राएं भविष्य में सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहते है और कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक है, उनके लिए पूर्णतः निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही आश्रम द्वारा पूरे वर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है तथा विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें रियायती दरों पर कराई जाती है। जरूरतमंद और मेधावी छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
