भारी बारिश से जलमग्न हुआ सिलीगुड़ी, शादी के कार्यक्रम प्रभावित

सिलीगुड़ी, 13 मार्च (नि.सं)।  गुरुवार रात हुई तेज बारिश के कारण सिलीगुड़ी के कई इलाके जलमग्न हो गए। कई वार्डों में तो पानी घरों के अंदर तक घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार शाम से ही सिलीगुड़ी में लगातार तेज बारिश शुरू हो गई थी। इसके चलते शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। हालांकि रात में कुछ इलाकों से पानी उतर गया, लेकिन कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों को पूरी रात मुश्किलों में बितानी पड़ी।
शहर के 46 नंबर वार्ड में कई इलाके पानी में डूब गए थे। नालियों का पानी भी घरों के अंदर घुस गया। इसके अलावा हायदरपाड़ा, आश्रमपाड़ा, इस्कॉन मंदिर रोड, अशोकनगर, देवाशीष कॉलोनी, हाकिमपाड़ा और लेक टाउन समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जमा पानी घरों तक पहुंच गया। गुरुवार को कई जगह शादी के कार्यक्रम भी थे, लेकिन बारिश की वजह से कई समारोह प्रभावित हो गए। हाकिमपाड़ा में एक शादी कार्यक्रम का पंडाल भी पानी में डूब गया। पंडाल के अंदर तक पानी भर गया और सड़कों पर पानी जमा होने के कारण मेहमानों को उसी पानी के बीच से होकर कार्यक्रम में पहुंचना पड़ा। शहर भर में हुई इस लगातार बारिश से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *