सिलीगुड़ी, 7 फरवरी(नि.सं)। सिलीगुड़ी की प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक सांस्कृतिक संस्था मित्र सम्मिलानी अपनी स्थापना के 117 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय समावर्तन समारोह का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम आगामी 24 और 25 फरवरी को सिलीगुड़ी के दीनबंधु मंच में आयोजित होगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मित्र सम्मिलानी के अध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि 24 फरवरी को समारोह का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में चंद्रिल भट्टाचार्य उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन दिवस पर नाट्य प्रस्तुति के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, समारोह के दूसरे दिन यानी 25 फरवरी को मित्र सम्मेलनी की अपनी नाट्य प्रस्तुति के अलावा कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों के लिए प्रस्तुत किए जाएंगे।
वहीं, महासचिव सौरव भट्टाचार्य ने कहा कि मित्र सम्मिलानी लंबे समय से सिलीगुड़ी की सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है। यह केवल एक संस्था नहीं, बल्कि शहर के सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इस वर्ष के 117वें समावर्तन समारोह में दर्शकों के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक और रचनात्मक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
