सिलीगुड़ी, 12 फरवरी (नि.सं.)। फूलों की सुंदरता भला किसे आकर्षित नहीं करती, मगर हर कोई इसे घर में उगा नहीं पाता है। क्योंकि इसमें मेहनत लगती है, मगर सिलीगुड़ी के अशोक सरकार ने अपने शौक को पूरा करने के लिए एक दो नहीं, बल्कि छत पर 80 किस्म लगाए हुए हैं। उनकी छत के बगीचे के रंग-बिरंगे गुलाब आपको खुश कर देंगे।
अशोक सरकार सिलीगुड़ी के आश्रमपाड़ा के पाकुर्तला मोड़ के रहने वाले हैं। उनके घर की छत पर गुलाब का बगीचा है। वर्तमान में उनके छत के बगीचे में लगभग 80 किस्मों के गुलाब है। पिछले 2 वर्षों से उनके गुलाब सिलीगुड़ी फूल मेले में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर रहे हैं।
मालूम हो कि अशोक पेशे से ठेकेदार है। गुलाब के पौधे लगाने की प्रेरणा उन्हें अपनी मां और पत्नी से मिली है। अशोक ने कहा कि घर की छत पर या घर के आसपास पेड़-पौधे और फूल हों तो जैसे पर्यावरण अच्छा होता है, वैसे ही मन भी अच्छा रहता है।
उन्होंने कहा, आप चाहें तो कहीं भी पेड़ लगा सकते हैं। भविष्य में एक बड़ा गुलाब बागान बनाने की योजना है। इस साल भी शहर के लोग कंचनजंगा स्टेडियम के फूल मेले में उनके गुलाब देख पायेंगे। ।