सिलीगुड़ी में ड्रग्स तस्करी पर बड़ा एक्शन, 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 8 अप्रैल (नि.सं.)। विधानसभा चुनाव के बीच सिलीगुड़ी में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी और एनजेपी थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनबत्ती मोड़ बस स्टैंड के पास छापेमारी कर 600 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दक्षिण दिनाजपुर निवासी साहजान सरकार के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार रात तीनबत्ती मोड़ इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाया। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके काले बैग से 600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस से तीनबत्ती मोड़ पहुंचा था और नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जलपाईगुड़ी अदालत में आज पेश करेगी। 
चुनाव के दौरान इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस सतर्क हो गई है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *