सिलीगुड़ी, 4 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास इलाके में एक और सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। लापरवाह वाहन की टक्कर से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने घातक वाहन में तोड़फोड़ की।
बताया गया है कि सोमवार की रात एक चार पहिया वाहन ईस्टर्न बाईपास संलग्न ठाकुरनगर इलाके से आशीघर मोड़ की ओर जा रहा था। उस वक्त चारपहिया वाहन ने कई टोटो, स्कूटी, बाइक, साइकिल और एक चारपहिया वाहन को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा कर उसे पकड़ लिया। हालांकि, वाहन चालक समेत दो लोग मौका देख फरार हो गए। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की।
इस घटना में कई लोग घायल हो गये। इनमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है। उन्हें बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, घटना की खबर पाकर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घातक वाहन को बरामद कर आशीघर चौकी ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि वाहन में चालक समेत दो लोग शराब पीते हुए जा रहे थे। इसी वजह से यह हादसा हुआ।